चंदौली जिले के नौगढ़ में नवरात्रि एवं दुर्गा पूजा के पावन अवसर पर नौगढ़ कस्बे के दुर्गा माता मंदिर पोखरे पर आयोजित नौ दिवसीय श्रीराम कथा के तीसरे दिन भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। वृंदावन से पधारीं कथा वाचिका राघव प्रिया ओझा ने शिव विवाह, तारकासुर और कामदेव सहित विभिन्न धार्मिक प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन कर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस दौरान भगवान शिव और माता पार्वती की मनमोहक झांकी भी प्रस्तुत की गई, जिसे देखकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। पूरा कथा परिसर भक्तिमय वातावरण में गूंजता रहा।

कथा वाचिका राघव प्रिया ओझा ने भगवान शिव और माता पार्वती के विवाह प्रसंग का विस्तार से वर्णन करते हुए श्रद्धालुओं को प्रेम, समर्पण, त्याग और धार्मिक आस्था का संदेश दिया। शिव-पार्वती की झांकी ने कथा के आकर्षण को और बढ़ा दिया। झांकी के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह दिखाई दिया। भक्ति गीतों और धार्मिक प्रसंगों के बीच श्रद्धालु पूरी तन्मयता से कथा का श्रवण करते रहे।
दुख में साथ निभाने वाला ही सच्चा मित्र
मित्रता की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कथा वाचिका ने कहा कि सुख में साथ देने वाले अनेक लोग मिल जाते हैं, लेकिन दुख और विपत्ति के समय जो व्यक्ति साथ खड़ा रहता है, वही सच्चा मित्र कहलाता है। उन्होंने तारकासुर और कामदेव से जुड़े प्रसंगों के माध्यम से धर्म, संयम और जीवन के आदर्शों पर भी प्रकाश डाला।

राम कथा में शामिल हुए सांसद छोटेलाल सिंह खरवार
कार्यक्रम में सोनभद्र के सांसद छोटेलाल खरवार भी शामिल हुए। उन्होंने कथा का श्रवण किया तथा आरती-पूजन में भाग लिया। इस दौरान सैकड़ों की संख्या में महिला और पुरुष श्रद्धालु उपस्थित रहे। भगवान शिव और माता पार्वती की झांकी, कथा वाचिका के भावपूर्ण प्रवचन और धार्मिक वातावरण ने कार्यक्रम को विशेष बना दिया।

नवरात्रि एवं दुर्गा पूजा के अवसर पर आयोजित इस नौ दिवसीय श्रीराम कथा को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह बना हुआ है। । कार्यक्रम का संचालक राजू पांडेय ने किया।
दुर्गा पूजा समिति अध्यक्ष पंकज जयसवाल, शिवनारायण जायसवाल, प्रभु नारायण जायसवाल, विनय जायसवाल, सुनील शर्मा, रितेश जायसवाल, मुकेश केशरी, अनिल यादव, आकाश केशरी, सोनू जायसवाल, संतोष शर्मा, अक्षय विश्वकर्मा आदि लोग मौजूद रहे।









