सोनभद्र। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के पटवध स्थित जिला कार्यालय पर सोमवार को शहीद-ए-आजम भगत सिंह की जयंती जिला सचिव आर.के. शर्मा के नेतृत्व में मनाई गई। कार्यकर्ताओं ने भगत सिंह के विचारों को याद कर जनहित और लोकतांत्रिक अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।
जयंती कार्यक्रम के बाद कार्यकर्ताओं ने कार्यालय के सामने वाराणसी-शक्तिनगर मुख्य मार्ग पर “मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को बर्खास्त करो, ज्ञानेश कुमार को जेल भेजो” के नारे लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया।
वक्ताओं ने कहा कि करोड़ों वोटरों के साथ साजिश हुई है, चुनावी व्यवस्था की विश्वसनीयता का सवाल किसी एक दल का नहीं, बल्कि लोकतंत्र, मतदान के अधिकार और संविधान से जुड़ा बुनियादी प्रश्न है। पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची से हटाया जाना स्वीकार नहीं किया जा सकता। 2 अक्टूबर को गांधी जयंती पर संयुक्त वाम दलों द्वारा सद्भावना दिवस के रूप में राबर्ट्सगंज के बढ़ौली चौराहे पर भी इसी मुद्दे को लेकर प्रदर्शन किया जाएगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ नेता राजेंद्र प्रसाद ने और संचालन जिला सह सचिव देव कुमार विश्वकर्मा ने किया। इस दौरान आर.के. शर्मा, अमरनाथ, बसावन गुप्ता, अमरनाथ बिंद, चंदन प्रसाद, नागेंद्र कुमार, गुलाब निडर, जगबंधन गोंड, रामविलास कोल, लक्ष्मण भुइयां, मंगरी देवी, फुलमती, मोहम्मद मुस्तफा सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।








