करमा/सोनभद्र। स्थानीय बाबा बिहारी इंटर कॉलेज भरकवाह परिसर में सोमवार को निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। बनारस पाली हॉस्पिटल उरमौरा, रॉबर्ट्सगंज के सहयोग से लगे शिविर में करीब 500 छात्र-छात्राओं, अभिभावकों और ग्रामीण मरीजों को मौसमी बुखार, खांसी-जुकाम, रक्तचाप, खुजली और दर्द की दवाएं दी गईं।
चिकित्सकों ने बताया कि मौसम के उतार-चढ़ाव और मच्छरों के प्रकोप से बीमारियां फैल रही हैं। समय पर जांच और सही इलाज जरूरी है। बारिश में उबला हुआ पानी पीना चाहिए, बच्चों और बुजुर्गों पर मौसमी बीमारियों का असर ज्यादा होता है। गंभीर मरीजों को अस्पताल आकर निःशुल्क जांच कराने की सलाह दी गई।
कॉलेज के प्रबंध निदेशक अखिलेश यादव ने कहा कि आगे भी ऐसे शिविर आयोजित होते रहेंगे। प्रबंधक बुद्धिनाथ सिंह यादव ने चिकित्सक टीम का स्वागत किया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य अनरुद्ध प्रसाद, अविनाश कुमार, अजय कुमार यादव, ज्ञान प्रकाश शर्मा, विलियम प्रेम प्रकाश, काजल जायसवाल, अर्पिता कुशवाहा सहित शिक्षक व स्टाफ मौजूद रहे।








