आबकारी निरीक्षक पर लगाया परेशान करने का आरोप, मोर्चा ने सौंपा ज्ञापन
सोनभद्र। किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा के प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को आबकारी कार्यालय पहुंचकर आबकारी अधिकारी को पत्र सौंपकर निष्पक्ष जांच की मांग की।
मोर्चा संयोजक संदीप मिश्र ने आरोप लगाया कि आबकारी निरीक्षक विनोद कुमार साव उनके घर पहुंचे और उनके माता-पिता से कहा कि उनके बेटे द्वारा नशे का कारोबार चलाया जा रहा है। जब फोन पर वार्ता हुई तो निरीक्षक ने बताया कि IGRS पर प्राप्त सूचना के आधार पर जांच करने आए हैं। जांच में ऐसा कुछ नहीं पाया गया। शिकायतकर्ता का नाम पूछने पर निरीक्षक ने प्रोटोकॉल का हवाला देकर नाम बताने से इनकार कर दिया।
संदीप मिश्र ने कहा कि जल, जंगल, जमीन और विंध्य एक्सप्रेस-वे में हो रहे उत्पीड़न के खिलाफ आंदोलन चलाने की वजह से उन्हें परेशान किया जा रहा है। “यह आंदोलन सोनभद्र की सांसों और अन्नदाताओं की जीविका बचाने का आंदोलन है, यह न रुकेगा न झुकेगा।”
उन्होंने आबकारी अधिकारी से फर्जी शिकायतकर्ता का नाम सार्वजनिक कर उसके खिलाफ कार्रवाई की मांग की। प्रतिनिधिमंडल में आकाश चौहान, शत्रुघ्न बिंद, संजय बियार, दिनेश चेरो, सुरेश खरवार, अरविंद पटेल और रोहित मौर्य शामिल रहे।








