भाजपा ने अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह देकर किया अभिनंदन, 60 पुस्तकों के लेखक जिले की धरोहर
सोनभद्र/रॉबर्ट्सगंज। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर चल रहे सेवा संकल्प पखवाड़ा के तहत भाजपा ने वरिष्ठ साहित्यकार, पत्रकार एवं राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता डॉ. अर्जुन दास केसरी को सम्मानित किया।
आदर्श इंटरमीडिएट कॉलेज के पूर्व प्रधानाचार्य डॉ. केसरी को अंगवस्त्र, बुके और स्मृति चिन्ह भेंट किया गया। इस अवसर पर डॉ. केसरी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री तक अविस्मरणीय कार्य किए हैं, उनके नेतृत्व में भारत विकसित राष्ट्र बनने की ओर अग्रसर है। उन्होंने पीएम के स्वस्थ व दीर्घायु जीवन की कामना की।
पूर्व जिलाध्यक्ष धर्मवीर तिवारी ने कहा कि सेवा और समर्पण की भावना से समाज, साहित्य, शिक्षा में योगदान देने वाले मनीषियों को सम्मानित किया जा रहा है। डॉ. केसरी ने लोककला, लोकसंस्कृति, जनजातीय जीवन, पुरातत्व जैसे विषयों पर लगभग 60 पुस्तकों का लेखन किया है। उन्हें पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी द्वारा तीन बार सम्मानित किया जा चुका है। उनकी शोध पत्रिका ‘लोकवार्ता’ ने समाज व साहित्य में बड़ा योगदान दिया है।
कार्यक्रम में अरविंद पांडे, मनीष अग्रहरि, विनोद सोनी, मुकेश सोनी सहित कार्यकर्ता मौजूद रहे।








