5 लाख नगद, 15 लाख के कटे पुर्जे और बाइक बरामद, मिर्जापुर के कबाड़ गोदाम पर छापा
सोनभद्र। थाना रॉबर्ट्सगंज पुलिस और एसओजी टीम को बड़ी सफलता मिली है। फर्जी दस्तावेजों के आधार पर स्क्रैप लदे ट्रक को कब्जे में लेकर बेचने और ट्रक को कटवाने की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए 3 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 5 लाख रुपये नगद, करीब 15 लाख कीमत के ट्रक के कटे कल-पुर्जे, 4 मोबाइल और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद हुई है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में एएसपी ऑपरेशन ऋषभ रुणवाल, एएसपी मुख्यालय अनिल कुमार और सीओ सिटी रणधीर मिश्र के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई।
घटना के संबंध में 12 सितंबर को ब्रह्मप्रसाद पांडेय निवासी रेनुकूट ने तहरीर दी थी कि 9 सितंबर को बरगवां सिंगरौली से 24 टन 900 किलो स्क्रैप लोहा ट्रक UP62T9881 से महामाया इस्पात कंपनी चुनार भेजा गया था। 10 सितंबर को चालक ने बताया कि लोढ़ी टोल प्लाजा के पास अज्ञात लोगों ने उसे 500 रुपये देकर उतार दिया और ट्रक लेकर चले गए। इस पर थाना रॉबर्ट्सगंज में मुकदमा दर्ज किया गया।
विवेचना में CDR, CCTV और तकनीकी साक्ष्यों से पता चला कि नीरज यादव और उमाकांत यादव ने योजना बनाकर ट्रक को कब्जे में लेकर मिर्जापुर ले गए, वहां स्क्रैप बेचकर ट्रक को कबाड़ गोदाम में कटवा दिया।
शनिवार रात पुलिस ने मिर्जापुर में 39वीं वाहिनी PAC गेट नंबर 2 के सामने स्थित कबाड़ गोदाम पर दबिश देकर धीरज यादव, भरत लाल उर्फ बल्ला साहू और आकाश गुप्ता को गिरफ्तार किया। पूछताछ में भरत लाल ने बताया कि वह कबाड़ कारोबारी है और स्क्रैप खरीदकर ट्रक कटवाया था।
कुल बरामदगी करीब 20 लाख रुपये आंकी गई है। फरार नीरज यादव और उमाकांत की तलाश जारी है। टीम में प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार सिंह, एसओजी प्रभारी राम स्वरूप वर्मा, बनारसी यादव, उमाशंकर यादव सहित अन्य शामिल रहे।








