चंदौली जिले के चकरघट्टा थाना पुलिस ने दुष्कर्म और युवती को जबरन विषैला पदार्थ खिलाने के आरोप में वांछित चल रहे 19 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को गुरुवार सुबह नौगढ़ जाने वाले मार्ग पर बरहवा पुलिया से पहले आम के पेड़ के पास से मुखबिर की सूचना पर पकड़ा। आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय चकिया भेजा जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, 16 सितंबर को तेन्दुआ गांव निवासी राजेश ने चकरघट्टा थाने में तहरीर देकर बताया था कि उनकी बेटी की अचानक तबीयत खराब होने पर परिजन उसे इलाज के लिए नौगढ़ ले गए थे। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल सोनभद्र रेफर कर दिया। वहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने विषैले पदार्थ के सेवन की जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक, होश में आने के बाद युवती ने बताया कि तेन्दुआ गांव निवासी महानन्द पुत्र गुलाब ने उसे बहला-फुसलाकर बुलाया और उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोप है कि इसके बाद उसे जबरन विषैला पदार्थ खिला दिया गया। पिता की तहरीर के आधार पर चकरघट्टा थाने में मुकदमा अपराध संख्या 51/2026 के तहत धारा 64(1) और 123 बीएनएस में मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी।
इसी क्रम में गुरुवार सुबह करीब सात बजे मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर थानाध्यक्ष महेश कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बरहवा पुलिया से पहले नौगढ़ जाने वाले मार्ग पर आम के पेड़ के पास से महानन्द को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष महेश कुमार सिंह, उपनिरीक्षक अरविन्द कुमार यादव, कांस्टेबल अजय तिवारी और कांस्टेबल संदीप सिंह शामिल रहे।







