चंदौली जिले के नौगढ़ तहसील क्षेत्र के कई गांवों से नाबालिग मजदूरों को करीब 50 किलोमीटर दूर काम के लिए ले जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि मजदूरों को ट्रैक्टर के डाले में बैठाकर ले जाया जाता है। तेज रफ्तार में चलने वाले इन वाहनों में सुरक्षा के इंतजाम नहीं होने से हादसे की आशंका बनी रहती है।

ग्रामीणों के अनुसार, कई गांवों से मजदूरों को पिकअप वाहनों में भी क्षमता से अधिक संख्या में बैठाकर ले जाया जाता है। काम खत्म होने के बाद लौटते समय कुछ चालक नशे की हालत में वाहन चलाते हैं। ऐसे में सड़क दुर्घटना की आशंका और बढ़ जाती है। बताया गया कि मजदूरों को ले जाने वाले वाहन अमदहा-चरनपुर चौकी क्षेत्र के रास्ते से होकर गुजरते हैं।
मामले की शिकायत नौगढ़ के क्षेत्राधिकारी देवेंद्र कुमार से की गई। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए सीओ ने चौकी प्रभारी से फोन पर बात कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने रास्ते से गुजरने वाले वाहनों की जांच करने और क्षमता से अधिक मजदूरों को बैठाकर चलने वाले वाहनों के खिलाफ चालान की कार्रवाई करने को कहा।
सीओ ने निर्देश दिया कि नाबालिगों को असुरक्षित तरीके से वाहनों में बैठाकर ले जाने और ओवरलोडिंग पर प्रभावी रोक लगाई जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच के बाद भी व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो वाहन चालकों और मालिकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।






