सीएस पाण्डेय
बभनी – बीजपुर मार्ग पर असनहर पुलिया के पास हुई घटना
युवक की मौत के बाद परिजनों में मचा कोहराम
बभनी(सोनभद्र/उत्तर प्रदेश)। स्थानीय थाना क्षेत्र के बभनी – बीजपुर मार्ग पर बुधवार की शाम करीब छः बजे बाइक सवार ने टहलने निकले दोनों सगे भाइयों को पीछे से धक्का मार दिया। जिससे एक भाई की मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार असनहर निवासी दिनकर प्रसाद (32 वर्ष) तथा दिवाकर पुत्र सूरज लाल (30 वर्ष) घर से टहलने के लिए निकले थे कि चपकी की तरफ से बभनी की ओर जा रहे तेज रफ्तार से बाइक सवार ने अनियंत्रित होकर पीछे से धक्का मार दिया। जिससे दिनकर सड़क पर गिर गया जिससे उसके सिर पर गहरी चोटें आई और दिवाकर सड़क के किनारे गिरा जिसे हल्की चोटें आईं। घटना स्थल पर आसपास के लोग पहुंचे और दिनकर को लेकर निजी साधन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र म्योरपुर ले गये जहां हालत गंभीर होने पर उसे मेडिकल कालेज के लिए रेफर कर दिया। दिनकर को मेडिकल कालेज ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। परिजन वापस उसे अस्पताल ले गए जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
वही दिनकर की मौत की खबर लगते ही घर में चीख-पुकार शुरू हो गई और कोहराम मच गया। मृतक के तीन बच्चे एक लड़की और दो लड़के हैं। मां और पत्नी का रो रो कर बुरा हाल हो गया है।
घटना की सूचना वृहस्पतिवार को सुबह मृतक के पिता सूरज लाल ने बभनी पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भेज दिया।
इस सम्बंध में प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार सरोज ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है, आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।






