सोनभद्र की सियासत में 2027 से पहले गठबंधन की राजनीति गरमाई, अपना दल ने दिखाया दमखम
सवाददाता
सोनभद्र। केंद्रीय राज्य मंत्री और अपना दल (एस) की राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल रविवार को सोनभद्र पहुंचीं, जहां डी.आर. ड्रीम पैलेस रॉबर्ट्सगंज में आयोजित जिला स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन के जरिए पार्टी ने अपना राजनीतिक दमखम दिखाया।
मंच से अनुप्रिया पटेल ने कार्यकर्ताओं में जोश भरने के साथ 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक हिस्सेदारी और दावेदारी का स्पष्ट संदेश दिया।
राजनीतिक रूप से यह सम्मेलन इसलिए भी अहम है क्योंकि भाजपा और अपना दल गठबंधन के सहयोगी हैं। 2017 में भाजपा गठबंधन के तहत अपना दल को दुद्धी विधानसभा सीट मिली थी, लेकिन 2022 के विधानसभा चुनाव में सोनभद्र की किसी भी सीट पर अपना दल को टिकट नहीं मिला। अब 2027 से पहले दो सीटों पर दावेदारी की चर्चा के बीच अपना दल अपनी संगठनात्मक ताकत दिखा रहा है।

संगठन मजबूत करने का मंत्र
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अनुप्रिया पटेल ने कहा –
“आज हमारी राजनीतिक ताकत सीमित है, लेकिन सीमित ताकत के बावजूद हमने सरकार से कई महत्वपूर्ण फैसले कराए हैं। लोकसभा के 543 सांसदों में अपना दल का एक सांसद है, लेकिन हमारी आवाज सरकार तक पहुंचती है। 403 विधानसभा क्षेत्रों में अपना दल के केवल 13 सदस्य हैं, इसे और मजबूत करने की ताकत आप दीजिए। अगर हमारी राजनीतिक ताकत बढ़ेगी तो विधानसभा और संसद में आपकी आवाज भी मजबूत होगी।”*
उन्होंने बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने का आह्वान किया।
अनुप्रिया पटेल ने कहा कि अपना दल ने गठबंधन के भीतर रहते हुए आउटसोर्सिंग की नौकरियों में आरक्षण की व्यवस्था लागू कराने का मुद्दा मजबूती से उठाया। समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा – “बड़ी-बड़ी पार्टियां कह रही हैं कि सत्ता में आएंगे तो आउटसोर्सिंग खत्म कर देंगे। मैं पूछना चाहती हूं कि जब आपकी सरकार थी तब इसे खत्म क्यों नहीं किया?”
नीट में आरक्षण को लेकर उन्होंने कहा – “जब अपना दल संसद में पहुंचा, हमने नीट में आरक्षण का मुद्दा मजबूती से उठाया। सामाजिक न्याय सिर्फ नारा नहीं होना चाहिए, उसका लाभ वंचित वर्गों तक पहुंचना चाहिए।”
जातिगत जनगणना और यश भारती पुरस्कार को लेकर भी उन्होंने कांग्रेस और सपा पर सवाल खड़े किए और कहा कि “जो लोग सामाजिक न्याय और PDA की बात करते हैं, उन्हें अपने शासनकाल का हिसाब भी देना चाहिए।”
अंत में उन्होंने कहा – “2027 का विधानसभा चुनाव सामने है। इस बार हमें आपका साथ चाहिए। हमारी राजनीतिक ताकत जितनी मजबूत होगी, आपकी आवाज उतनी ही मजबूत होगी।”
सोनभद्र में इस शक्ति प्रदर्शन ने 2027 से पहले सीट शेयरिंग के नए समीकरण के संकेत दे दिए हैं। इस मौके पर अभिषेक चौबे राष्ट्रीय अध्यक्ष विधि मंच,दिनेश बियार राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य,जिलाध्यक्ष अंजनी पटेल,आनंद पटेल दयालु
,आलोक पांडेय,अभिषेक पटेल, नंदलाल कुमार,मान सिंह गोंड ब्लॉक प्रमुख म्योरपुर,राकेश पटेल , संजय सोनी
जिला मीडिया सचिवगण- विकास पटेल,इं नीरज सिंह पटेल, जिला कोषाध्यक्ष- चन्द्रशेखर पटेल आदि लोग मौजूद रहें।






