सोनभद्र। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ को बूथ संख्या 17 पर भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. धर्मवीर तिवारी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने सुना। कार्यक्रम में पीएम मोदी ने कहा कि सोशल मीडिया पर किसी ने आषाढ़ी एकादशी के अवसर पर इतिहास को रोचक बनाने के प्रयास की जानकारी साझा की थी। मुंबई के कृष्णा शेषाद्री ने http://www.bharatrajya.com नाम से वेबसाइट बनाई है, जहां कोई भी वर्ष चुनकर पता लगाया जा सकता है कि उस समय भारत के किस हिस्से पर किसका शासन था।पीएम ने ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान का जिक्र करते हुए कहा कि इसका लक्ष्य Drug Free India है। उन्होंने कहा कि नशे की लत पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करती है। युवाओं से स्लोगन, गीत, लघु नाटक और विभिन्न भाषाओं में कंटेंट बनाकर #नशा मुक्त युवा हैशटैग के साथ साझा करने का आह्वान किया। स्वच्छता पर उदाहरण देते हुए उन्होंने उत्तर प्रदेश के रामपुर के गांव पटवाई के आकाश और रोहन की ‘क्लीन-अप पटवाई’ टीम का जिक्र किया, जिसने चार गंगा घाटों की सफाई कर एक टन से अधिक प्लास्टिक कचरा हटाया है। इस दौरान सभासद विनोद सोनी, नगर मंत्री राहुल कुमार, योगेश सिंह, अरविंद पांडेय, अनिल द्विवेदी, अनूप, श्यामलाल, अश्वनी, अजीत सिंह, संदेश, राजू, रमेश, संतोष सहित कार्यकर्ता मौजूद रहे।






