संवाददाता – गौरव पाण्डेय
O- चतरा और रामपुर बरकोनिया क्षेत्र में हुए हादसे, जिला अस्पताल लोढ़ी रेफर
सोनभद्र (उत्तरप्रदेश) । जिले में गुरुवार को आकाशीय बिजली का कहर देखने को मिला। अलग-अलग घटनाओं में छह लोग आकाशीय बिजली की चपेट में आकर झुलस गए। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल लोढ़ी रेफर किया गया।
पहली घटना पन्नूगंज थाना क्षेत्र के वेलौड़ी तालाब के पास हुई। जानकारी के अनुसार कीचार गांव निवासी जितेंद्र (15) पुत्र संत कुमार और मयंक (14) पुत्र रामानंद गांव के पास तालाब के भीटे पर एक पेड़ के नीचे खड़े थे। इसी दौरान अचानक आकाशीय बिजली गिरने से दोनों उसकी चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलस गए।
घटना के बाद ग्रामीणों ने तत्काल दोनों किशोरों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चतरा पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल लोढ़ी रेफर कर दिया।
वहीं दूसरी घटना रामपुर बरकोनिया थाना क्षेत्र के सोढ़ा गांव स्थित दुपटिया टोले में हुई। यहां खेत में काम कर रहे लोग अचानक आकाशीय बिजली की चपेट में आ गए। हादसे में रामलाल (35), संगीता (30) और दीपक (12) झुलस गए। ग्रामीणों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें भी जिला अस्पताल लोढ़ी भेज दिया गया।
लगातार हो रही बारिश और मौसम में बदलाव के बीच हुई इन घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। प्रशासन की ओर से लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास न खड़े होने की अपील की जाती रही है।






