— दो माह में छह बार हो चुकी है दुर्घटना
— सामाजिक कार्यकर्ताओं ने सड़क चौड़ीकरण और ऊंचाई बढ़ाने की मांग की
म्योरपुर, सोनभद्र। मुर्धवा-बीजपुर मार्ग पर रनटोला के कटौली मोड़ (मोड़ान) के पास शुक्रवार को एक ट्रेलर का पिछला चक्का मिट्टी में धंस जाने से कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया। गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं। रक्षाबंधन पर्व होने के कारण दक्षिणांचल क्षेत्र में नौकरी करने वाले और मिर्जापुर, वाराणसी, प्रयागराज, बलिया, देवरिया, गाजीपुर जाने वाले यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। गंतव्य तक पहुंचने में अतिरिक्त समय लगा। सड़क चौड़ीकरण की मांग सामाजिक कार्यकर्ता प्रशांत दुबे ने आए दिन हो रही घटनाओं को रोकने के लिए मुर्धवा-बीजपुर मार्ग के चौड़ीकरण और जमतीहवा नाला तथा आरवाई सिंह घाटी की ऊंचाई बढ़ाने की मांग की है। स्थानीय ग्रामीण आनंददेव, अरविंद, राधे यादव, पंकज, दीपक, दिनेश ने बताया कि दो माह के अंदर रनटोला और आसपास सड़क पर छह दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। ग्रामीणों का कहना है कि दक्षिणांचल खेती पर निर्भर नहीं है। लोग हिंडाल्को, ग्रासिम, बिरला कार्बन और अन्य कंपनियों में मजदूरी कर जीवनयापन करते हैं। प्रतिदिन दूध, सब्जी बेचने वाले, दिहाड़ी मजदूर और रेणुकूट जाने वाले स्कूली बच्चों को जाम के कारण रोज परेशानी होती है, कभी-कभी वापस लौटना पड़ता है जिससे आर्थिक नुकसान होता है। स्थानीय लोगों ने लोक निर्माण विभाग से सड़क चौड़ीकरण की मांग की है ताकि हादसों को कम किया जा सके।






