संवाददाता – विरेन्द्र कुमार
O- डायल 112 की पीआरबी टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जिला अस्पताल रेफर
विंढमगंज (सोनभद्र) । थाना क्षेत्र के जोरूखाड़ गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-39 पर मंगलवार रात करीब साढ़े आठ बजे तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित विशाल बरगद के पेड़ से जा टकराई। हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद दोनों युवक सड़क किनारे घायल अवस्था में पड़े रहे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार हरनाकछार निवासी श्याम बिहारी (24) पुत्र लखन और मनीष कुमार (22) पुत्र सुरेंद्र कुशवाहा बाइक से महुली बाजार से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान जोरूखाड़ गांव के पास अचानक बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे विशाल बरगद के पेड़ से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
इसी बीच विंढमगंज थाना की ओर जा रही डायल 112 की पीआरबी टीम की नजर सड़क किनारे पड़े घायल युवकों पर पड़ी। पुलिसकर्मियों ने तत्काल मानवीय संवेदना दिखाते हुए दोनों घायलों को अपने वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

पुलिसकर्मियों ने हादसे की सूचना दोनों युवकों के परिजनों को भी दी। सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे और दोनों घायलों को बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल ले गए।
घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने वाली पीआरबी टीम में कांस्टेबल मनीष कुमार, मनमोहन यादव और चालक विजय यादव शामिल रहे। पुलिस टीम की तत्परता और मानवीय पहल की स्थानीय लोगों ने सराहना की।
दुर्घटना संभावित स्थान को लेकर ग्रामीणों में चिंता
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार जोरूखाड़ के इस स्थान पर आए दिन छोटे-बड़े सड़क हादसे होते रहते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि कई दुर्घटनाओं में लोगों को अपनी जान तक गंवानी पड़ी है। ऐसे में उन्होंने संबंधित सड़क विभाग से दुर्घटना संभावित स्थान को चिन्हित कर सुरक्षा इंतजाम करने, आवश्यक संकेतक लगाने और हादसों की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।






