सोनभद्र। लोकमाता अहिल्याबाई के त्याग, सेवा, सुशासन और नारी शक्ति के सम्मान की विरासत को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से बुधवार को विकास भवन स्थित पंचायत रिसोर्स सेंटर में लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा का भव्य शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लाइव संबोधन का प्रसारण किया गया, जिसे सुनकर मौजूद महिलाओं में भारी उत्साह देखने को मिला। विकास भवन परिसर महिलाओं की भारी उपस्थिति से गूंज उठा।
इस अवसर पर जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई का जीवन नारी शक्ति और जनकल्याण की प्रेरणा है। प्रदेश सरकार ने महिलाओं के सम्मान में दो बड़ी सौगात दी है – 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं के लिए UPSRTC बसों में जीवनभर निःशुल्क यात्रा और रक्षाबंधन पर 27,28,29 अगस्त तक सभी महिलाओं के लिए एक सहयात्री के साथ 3 दिन निःशुल्क यात्रा।
डीएम ने कहा कि सोनभद्र में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा बनाए जा रहे उत्पादों को विश्व स्तरीय पहचान दिलाई जाएगी। उनकी ब्रांडिंग, पैकेजिंग और मार्केटिंग को बेहतर कर उन्हें आर्थिक रूप से और आत्मनिर्भर बनाया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने 501 महिलाओं को मिठाई और साड़ियां वितरित की।

इस अवसर पर एडीएम वागीश शुक्ला, एसडीएम आशीष त्रिपाठी, डीडीओ हेमंत सिंह, डीपीआरओ नमिता शरण, अपर सूचना अधिकारी विनय सिंह, डीपीओ विनीत सिंह, भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष पुष्पा सिंह, मीनू चौबे,इशिका चौबे, गुड़िया तिवारी, किरन तिवारी,विंध्य नगर डिपो के एआरएम नागेंद्र पांडेय व सोनभद्र डिपो के एआरएम नंद लाल वर्मा सहित बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।






