चंदौली जिले के नौगढ़ तहसील क्षेत्र स्थित प्राथमिक विद्यालय मरवटिया की छत पर लगे नौ सोलर पैनल में से चार पैनल चोर खोलकर उठा ले गए। घटना की जानकारी रविवार सुबह विद्यालय खुलने पर हुई। चोरी के बाद विद्यालय में लगे पंखे बंद हो गए और नल से पानी की आपूर्ति भी प्रभावित हो गई।

प्राथमिक विद्यालय मरवटिया के प्रभारी प्रधानाध्यापक संतोष कुमार शुक्रवार दोपहर विद्यालय बंद कर अन्य अध्यापकों के साथ घर चले गए थे। शनिवार सुबह करीब आठ बजे जब वह विद्यालय पहुंचे तो पंखे नहीं चल रहे थे और नल से पानी भी नहीं आ रहा था। अनहोनी की आशंका पर उन्होंने विद्यालय की छत पर जाकर देखा तो वहां लगे नौ सोलर पैनल में से चार पैनल गायब मिले। पैनल खोलने के निशान भी मौके पर साफ दिखाई दे रहे थे।
आशंका जताई जा रही है कि चोर रात के अंधेरे में विद्यालय की छत पर पहुंचे और सोलर पैनल खोलकर अपने साथ ले गए। प्रधानाध्यापक ने तत्काल आसपास के ग्रामीणों और विद्यालय के चौकीदार से घटना के संबंध में पूछताछ की, लेकिन चोरी के बारे में किसी को कोई जानकारी नहीं मिली।
इसके बाद प्रधानाध्यापक ने पंचायत प्रशासक और खंड शिक्षा अधिकारी को घटना की सूचना दी। मामले की जानकारी पुलिस को भी दी गई। थानाध्यक्ष संतोष कुमार ने बताया कि प्रधानाध्यापक की तहरीर प्राप्त हो गई है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है और चोरी की घटना का जल्द खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।






