“ओबरा और चोपन में तीन गोदामों का औचक निरीक्षण, हर शुक्रवार पोर्टल पर स्टॉक घोषित करना अनिवार्य”
सोनभद्र। चीनी के बढ़ते दामों पर नियंत्रण और बाजार में उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन सख्त हो गया है। शासन के निर्देश पर जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के आदेश पर उपजिलाधिकारी ओबरा रवि कुमार ने ओबरा एवं चोपन क्षेत्र में चीनी स्टॉकिस्टों के प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान ओबरा स्थित बालाजी ट्रेडर्स तथा चोपन स्थित अनूप ट्रेडर्स एवं मोहित ट्रेडर्स के दुकानों और गोदामों में रखे चीनी के स्टॉक की जांच की गई। स्टॉक रजिस्टर और मौके पर उपलब्ध मात्रा का मिलान कर सत्यापन किया गया।
हर शुक्रवार पोर्टल पर देनी होगी जानकारी
एसडीएम रवि कुमार ने व्यापारियों को निर्देश दिया कि भारत सरकार की व्यवस्था के अनुसार प्रत्येक शुक्रवार को पोर्टल पर चीनी के उपलब्ध स्टॉक की घोषणा करना अनिवार्य है। किसी भी दशा में जमाखोरी न की जाए और बाजार में आपूर्ति सामान्य बनाए रखी जाए।
व्यापारियों को चेतावनी दी गई कि निरीक्षण में जमाखोरी, स्टॉक छिपाने या अनियमितता मिलने पर कठोर विधिक कार्रवाई की जाएगी।




जिला प्रशासन द्वारा चीनी के मूल्य और उपलब्धता पर सतत निगरानी रखी जा रही है और आगे भी स्टॉकिस्टों का निरीक्षण जारी रहेगा।






