अमित मिश्रा
O- पुलिया के ऊपर से बह रहे पानी को पार करने के दौरान हादसा
O- पुलिस-पीएसी के साथ SDRF और NDRF की टीमों को लगाया गया
ओबरा (सोनभद्र) । सोनभद्र के ओबरा क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के बीच बिजुल नदी का जलस्तर बढ़ने से बड़ा हादसा हो गया। परसोई ग्राम पंचायत में पुलिया के ऊपर से तेज बहाव के बीच नदी पार करने की कोशिश कर रहे दो ग्रामीण पानी की चपेट में आकर बह गए। हादसे को 24 घंटे से अधिक समय बीतने के बावजूद दोनों ग्रामीणों का अब तक कोई सुराग नहीं मिल सका है।
लापता ग्रामीणों की पहचान परसोई खास निवासी 48 वर्षीय रामप्रीत खरवार और टोला कनुहार निवासी 55 वर्षीय बेचई बैगा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों अपने-अपने पाही से घर लौट रहे थे। इसी दौरान वे बिजुल नदी पर बनी पुलिया के पास पहुंचे। पुलिया के ऊपर से नदी का पानी तेज रफ्तार से बह रहा था।
बताया गया कि पानी का बहाव बेहद खतरनाक होने के बावजूद दोनों अलग-अलग छोर से पुलिया पार करने का प्रयास करने लगे। इसी दौरान तेज धारा ने दोनों को अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते दोनों नदी के बहाव में लापता हो गए।
ग्रामीणों ने की तलाश, नहीं मिली सफलता
हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण और लापता लोगों के परिजन मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने अपने स्तर से नदी और आसपास के इलाकों में काफी देर तक खोजबीन की, लेकिन दोनों का कोई पता नहीं चल सका। सूचना मिलने पर पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और तलाश अभियान शुरू कराया।
पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों ने देर रात तक नदी के संभावित स्थानों पर खोजबीन की। मंगलवार को भी लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन अभी तक कोई सफलता नहीं मिली है।
तेज बहाव और बारिश बनी रेस्क्यू में बाधा
लगातार बारिश के कारण बिजुल नदी का बहाव तेज बना हुआ है। नदी में पानी की तेज धार और आसपास का चुनौतीपूर्ण भू-भाग राहत एवं बचाव अभियान में बाधा बन रहा है। ऐसे में रेस्क्यू टीमों को बेहद सावधानी के साथ तलाशी अभियान चलाना पड़ रहा है।
क्षेत्राधिकारी प्रभात राय के मुताबिक दोनों ग्रामीणों की तलाश के लिए पुलिस और पीएसी के जवान लगातार अभियान चला रहे हैं। तलाश अभियान को और व्यापक बनाने के लिए एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमों को भी बुलाया गया है।
फिलहाल नदी के अलग-अलग हिस्सों, किनारों और संभावित बहाव क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान जारी है। घटना के बाद लापता ग्रामीणों के परिवारों में चिंता और गांव में मातम का माहौल है।
प्रशासन की अपील
बिजुल नदी समेत क्षेत्र की अन्य नदियों और नालों में बारिश के कारण जलस्तर बढ़ने से खतरा बढ़ गया है। ऐसे में प्रशासन ने लोगों से तेज बहाव वाली नदी, पुलिया या जलमग्न रास्तों को पार करने से बचने की अपील की है।






