चंदौली जिले के नौगढ़ थाना क्षेत्र में सोमवार रात करीब 8 बजे डुमरिया मोड़ के पास दो बाइकों की टक्कर में छह लोग घायल हो गए। यह हादसा सड़क पर अचानक भैंस के कूदने के कारण हुआ। घायलों में से एक को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार, रॉबर्ट्सगंज निवासी राम निहोर अपनी बेटी की डिलीवरी के बाद उसे देखने के लिए रिश्तेदारों के साथ रॉबर्ट्सगंज से नौगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जा रहे थे। डुमरिया मोड़ के पास एक भैंस अचानक सड़क पर आ गई, जिससे आगे चल रही बाइक असंतुलित होकर गिर गई।
इसी दौरान पीछे से आ रही दूसरी मोटरसाइकिल पहली बाइक से टकरा गई। इस दुर्घटना में दोनों मोटरसाइकिलों पर सवार विनोद कुमार, रमाशंकर, संत कुमार, राम निहोर, रामबाबू और रेशमी घायल हो गए। दोनों बाइक सवार आपस में रिश्तेदार बताए जा रहे हैं।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद राहगीरों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगढ़ पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार किया।
अस्पताल में चिकित्सक डॉ. सिद्धार्थ और स्वास्थ्यकर्मी राहुल व सौरभ ने घायलों का इलाज किया। डॉ. सिद्धार्थ ने बताया कि छह घायलों में से चार को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि दो को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। रमाशंकर की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क पर आवारा पशुओं की मौजूदगी पर नाराजगी व्यक्त की। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर पशुओं के बैठे रहने और अचानक सामने आने से दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। उन्होंने संबंधित विभाग से आवारा पशुओं को हटाने की मांग की है।






