नौगढ़ में मोबाइल कारोबारी पर जानलेवा हमला, बकाये के विवाद में तमंचे से मारी गोली, हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

चंदौली जिले के नौगढ़ थाना क्षेत्र में शुक्रवार की देर शाम बकाये के पैसे के विवाद ने खूनी रूप ले लिया। नौगढ़-सोनभद्र स्टेट हाईवे पर रजवाहा पुल के पास मोबाइल कारोबारी पर बदमाशों ने पहले मारपीट की और फिर तमंचे से गोली मार दी। गोली युवक के बाएं हाथ में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने हत्या के प्रयास समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दो आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, नौगढ़ थाना क्षेत्र के मझगावां गांव निवासी देवज्ञ विश्वकर्मा (26 वर्ष) मझगावां गांव में मोबाइल की दुकान संचालित करते हैं। शुक्रवार शाम करीब छह बजे वह अपने साथी शिवम के साथ बाइक से मझगाई बाजार जा रहे थे। इसी दौरान नौगढ़-सोनभद्र स्टेट हाईवे पर रजवाहा पुल के पास पहले से घात लगाए बैठे भरदुआ गांव निवासी विकास यादव और उसके एक अज्ञात साथी ने उनकी बाइक जबरन रोक ली।

बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच मोबाइल खरीद-बिक्री के बकाये रुपये को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने देवज्ञ के साथ लात-घूसों से मारपीट शुरू कर दी। जब देवज्ञ ने अपना बचाव करने का प्रयास किया तो आरोप है कि एक हमलावर ने तमंचा निकालकर जान से मारने की नीयत से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। फायरिंग के दौरान एक गोली देवज्ञ के बाएं हाथ में जा लगी, जिससे वह खून से लथपथ होकर सड़क पर गिर पड़े।

गोली चलने की आवाज से स्टेट हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के दुकानदार और राहगीर मौके पर पहुंच गए। लोगों को अपनी ओर आता देख दोनों आरोपी बाइक से नौगढ़ की दिशा में फरार हो गए।

सूचना मिलते ही नौगढ़ थाना पुलिस, उपनिरीक्षक अभय सिंह, चकरघट्टा थानाध्यक्ष संतोष कुमार तथा क्षेत्राधिकारी देवेंद्र कुमार भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके से एक खोखा बरामद किया तथा आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।

घायल देवज्ञ को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगढ़ पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

पीड़ित की तहरीर के आधार पर नौगढ़ पुलिस ने आरोपी विकास यादव और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

क्षेत्राधिकारी देवेंद्र कुमार नौगढ़ ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दो विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं। पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है और जल्द ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Comment

1530
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?