चंदौली जिले के नौगढ़ तहसील क्षेत्र के परसिया गांव में खेत में काम कर रहे एक व्यक्ति को कोबरा सांप ने बाएं हाथ की उंगलियों में डस लिया। सर्पदंश के बाद सांप को पकड़ने के प्रयास में हुई देरी के कारण उसकी हालत बिगड़ गई। गंभीर स्थिति में परिजन उसे निजी वाहन से नौगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उपचार के बाद उसे सोनभद्र के लोढ़ी अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
परसिया गांव निवासी सुरेश खेत में काम कर रहा था। इसी दौरान अचानक कोबरा सांप ने उसके बाएं हाथ की उंगलियों में डस लिया। सर्पदंश के बाद सुरेश ने सांप को पकड़ने का प्रयास किया, जिसके चलते अस्पताल पहुंचने में करीब तीन घंटे की देरी हो गई। कुछ समय बाद उसकी हालत तेजी से बिगड़ने लगी और वह खेत में ही अचेत होकर गिर पड़ा।
आसपास मौजूद लोगों ने इसकी जानकारी परिजनों को दी। परिजन तत्काल निजी वाहन से सुरेश को लेकर नौगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। परिजनों के अनुसार, कोबरा ने उसे करीब दोपहर दो बजे डसा था, जबकि लगभग शाम पांच बजे उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।
सीएचसी पहुंचने पर सुरेश की हालत बेहद गंभीर थी। चिकित्सक डॉ. चंद्रा और स्वास्थ्यकर्मी राहुल ने तत्काल उपचार शुरू किया और उसे 10 एंटी स्नेक वेनम (सर्प विषरोधी) इंजेक्शन लगाए। डॉ. चंद्रा ने बताया कि अस्पताल लाए जाने के समय सुरेश पूरी तरह अचेत था और उसके शरीर में कोई हलचल नहीं हो रही थी। उपचार के कुछ देर बाद उसके शरीर में हलचल शुरू हुई और उसे होश आने लगा।
हालांकि, सर्पदंश के गंभीर प्रभाव को देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद सुरेश को बेहतर उपचार के लिए सोनभद्र के लोढ़ी अस्पताल रेफर कर दिया। चिकित्सकों ने सर्पदंश की स्थिति में किसी तरह की देरी न करने और मरीज को तत्काल अस्पताल पहुंचाने की सलाह दी है।






