नौगढ़ में सड़क हादसा, बुजुर्ग समेत दो गंभीर घायल, देर तक सड़क पर पड़े रहे

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

नौगढ़ (चंदौली)। नौगढ़-सोनभद्र मुख्य मार्ग पर बरहमपुल के पास शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। साइकिल और मोटरसाइकिल की आमने-सामने टक्कर में एक बुजुर्ग और एक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद दोनों काफी देर तक सड़क पर पड़े रहे। बाद में राहगीरों ने 108 एंबुलेंस को सूचना दी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया।

जानकारी के अनुसार, चकरघट्टा थाना क्षेत्र के देवदत्तपुर गांव निवासी रमाशंकर तिवारीपुर बाजार से घरेलू सामान खरीदकर और मोबाइल रिचार्ज कराकर साइकिल से अपने घर लौट रहे थे। उसी समय लक्ष्मणपुर गांव निवासी सियाराम और नागेंद्र मोटरसाइकिल से काम खत्म कर घर जा रहे थे।

बरहमपुल के पास दोनों वाहनों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि साइकिल और मोटरसाइकिल दोनों बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में रमाशंकर और सियाराम गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के बाद मोटरसाइकिल पर सवार नागेंद्र मौके से चला गया। रात होने के कारण काफी देर तक दोनों घायल सड़क पर पड़े दर्द से तड़पते रहे। बाद में वहां से गुजर रहे लोगों ने 108 एंबुलेंस को फोन किया। एंबुलेंस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) नौगढ़ ले गई।

डॉक्टरों ने बताया कि रमाशंकर के दाहिने पैर की हड्डी टूट गई है और कमर में भी गंभीर चोट आई है। वहीं सियाराम के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें हैं। दोनों की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

इस हादसे ने एक बार फिर रात के समय सड़क हादसों में समय पर मदद और सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1541
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?