नौगढ़ में महिला पर गिरी आकाशीय बिजली, चारा डालते समय झुलसी, सीएचसी नौगढ़ में भर्ती

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

चंदौली जिले के चकरघट्टा थाना क्षेत्र के लालतापुर गांव में मंगलवार शाम तेज बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से एक महिला गंभीर रूप से झुलस गई। परिजनों ने तुरंत महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) नौगढ़ में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार चल रहा है।

लालतापुर गांव निवासी सदानंद की पत्नी मनीता देवी मंगलवार शाम लगभग 7 बजे अपने घर के बाहर बंधे पशुओं को चारा दे रही थीं। उस समय क्षेत्र में तेज बारिश के साथ बिजली कड़क रही थी। इसी दौरान वह अचानक आकाशीय बिजली की चपेट में आ गईं और उन्हें जोरदार झटका लगा।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बिजली का झटका लगने के बाद मनीता लड़खड़ाते हुए घर के अंदर पहुंचीं, लेकिन भीतर पहुंचते ही बेहोश होकर गिर पड़ीं। उनकी सास समुंदरी देवी ने उन्हें अचेत अवस्था में देखा और तत्काल परिवार के अन्य सदस्यों को सूचित किया। परिजनों ने बिना देरी किए एंबुलेंस बुलाई और मनीता को सीएचसी नौगढ़ ले गए।

सीएचसी नौगढ़ में तैनात डॉ. सत्या ने मनीता का प्राथमिक उपचार किया। उन्होंने बताया कि महिला को आकाशीय बिजली का तेज झटका लगा है। फिलहाल उनका उपचार जारी है और स्वास्थ्य पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। यदि उनकी हालत में सुधार नहीं होता है, तो उन्हें आगे के इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया जा सकता है।

इस घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। चिकित्सकों ने लोगों को बारिश और गरज-चमक के दौरान खुले स्थानों में जाने तथा पेड़ों या बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचने की सलाह दी है, ताकि ऐसी दुर्घटनाओं से बचा जा सके।

IMG 20260928 WA0019
IMG 20260928 WA0020

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1554
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?