रास्ते के कुएं में मिला शव, पुलिस जांच में जुटी
सोनभद्र ।सदर कोतवाली क्षेत्र की ग्राम पंचायत बहुअरा में सोमवार को एक 16 वर्षीय किशोरी का शव रास्ते में स्थित कुएं में मिलने से सनसनी फैल गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। मृतका की पहचान वंदना यादव, पुत्री रामकेश यादव के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार वंदना रविवार को अपनी ननिहाल से घर लौटी थी। सोमवार को वह धान की रोपाई के लिए खेत की ओर गई थी। इसी दौरान तेंदू ग्राम सभा के खेखड़ा गांव जाने वाले रास्ते में स्थित एक कुएं में उसका शव तैरता हुआ मिला। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सूचना पर पहुंची रॉबर्ट्सगंज कोतवाली पुलिस ने शव को कुएं से बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शव मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। फिलहाल किशोरी की मौत किन परिस्थितियों में हुई है, इसका पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।






