सी एस पाण्डेय
O- किसान की ट्रक की टक्कर से मौत, परिवार में मचा कोहराम
बभनी (सोनभद्र)। खेती की तैयारी कर रहे एक युवा किसान की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। अरहर की बुवाई के लिए बाजार से बीज खरीदकर घर लौट रहे किसान को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल किसान को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, बभनी थाना क्षेत्र के परसाटोला गांव निवासी देव प्रसाद (28 वर्ष) पुत्र बुद्धिनारायण मंगलवार को परसाटोला बाजार से अरहर का बीज खरीदकर बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान बभनी-अंबिकापुर मार्ग पर परसाटोला बाजार के समीप सामने से आ रही सरिया लदी एक ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी।
बताया जा रहा है कि ट्रक छत्तीसगढ़ के रायगढ़ से सरिया लेकर वाराणसी जा रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गई और बाइक सवार किसान को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि किसान के सिर में गंभीर चोट आई और वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
स्थानीय लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची एंबुलेंस से घायल किसान को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बभनी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक अखिलेश पाठक पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे, घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
खेती के मौसम में बीज लेकर घर लौट रहे युवा किसान की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए सड़क सुरक्षा और भारी वाहनों की लापरवाही पर चिंता जताई।






