खड़ी हाईवा में पीछे से घुसी बाइक, दो युवकों की मौके पर मौत

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

अमित मिश्रा

कर्मा (सोनभद्र)।  करमा थाना क्षेत्र में खैराही बाजार में मंगलवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही करमा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुट गई है।

जानकारी के अनुसार, करमा थाना क्षेत्र के खैराही बाजार के पास मंगलवार रात लगभग 9:30 बजे रॉबर्ट्सगंज से मिर्जापुर की ओर जा रही एक बाइक मुख्य सड़क पर खड़ी हाईवा के पीछे जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दोनों युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

मृतकों की पहचान सुरेन्द्र कुमार पाल (22 वर्ष) पुत्र सीयाराम पाल, निवासी कलवारी माफी, गुरुदेव नगर (सोनभद्र) तथा मुन्ना (27 वर्ष) पुत्र राम अवध, निवासी धुरकर, थाना राजगढ़, जनपद मिर्जापुर के रूप में हुई है। दोनों किसी कार्य से रॉबर्ट्सगंज आए थे और वापस अपने घर लौट रहे थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सड़क पर खड़ी हाईवा से बाइक सीधे पीछे टकरा गई, जिससे दोनों युवकों को संभलने का कोई मौका नहीं मिला। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची करमा पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।

पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1543
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?