औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना पर जताया आभार
सोनभद्र,रॉबर्ट्सगंज। मंगलवार को उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन का प्रतिनिधिमंडल जिलाधिकारी से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने व्यापारियों एवं आम नागरिकों की समस्याएं रखीं, वहीं जनपद में औद्योगिक क्षेत्र स्थापित करने पर आभार एवं अभिनंदन भी व्यक्त किया।
संगठन के जिलाध्यक्ष कौशल शर्मा ने कहा कि पिछले डेढ़ वर्षों से औद्योगिक क्षेत्र की मांग की जा रही थी। यह केवल मांग नहीं, बल्कि जनपद के आर्थिक विकास, रोजगार सृजन और औद्योगिक प्रगति से जुड़ी जनभावना थी। जिलाधिकारी के प्रयासों से यह मांग एक माह के भीतर धरातल पर उतरने की दिशा में बढ़ी है। इसके लिए समस्त व्यापारी एवं नागरिक कृतज्ञ हैं। इस अवसर पर जिलाधिकारी को सम्मान पत्र भी भेंट किया गया।
उन्होंने कहा कि सरकार लैंड पुलिंग मॉडल को बढ़ावा दे रही है। वाराणसी में वीडीए द्वारा आनंद काशी, कल्लीपुर एवं रूद्र विहार योजना इसी मॉडल से विकसित हो रही हैं। कमिश्नर राज लिंगम द्वारा 22 काश्तकारों को सम्मानित भी किया गया। उन्होंने मांग की कि सोनभद्र में भी लैंड पुलिंग को लागू किया जाए।
जिलाध्यक्ष कौशल शर्मा ने नगर विकास में समन्वय की कमी, सीबीएसई स्कूलों में किताबों की मनमानी कीमत, औद्योगिक प्रदूषण और विद्युत सुरक्षा पर भी ध्यान दिलाया। उन्होंने कहा कि एनजीटी रिपोर्ट के अनुसार सोनभद्र में प्रतिदिन 40 किलोग्राम मरकरी हवा में छोड़ी जा रही है, जिससे गंभीर बीमारियां हो रही हैं। विद्युत सुरक्षा विभाग के पिछले 5 वर्षों के सुरक्षा ऑडिट को सार्वजनिक करने की मांग की।
बैठक में जिला महामंत्री प्रितपाल सिंह, जिला कोषाध्यक्ष शरद जायसवाल, वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष धर्मराज सिंह, राजेश जायसवाल, नागेंद्र मोदनवाल, कृष्णा सोनी, प्रदीप जायसवाल, यशपाल सिंह, दीप सिंह पटेल, विनय जायसवाल, सुनील सरोज, नगर महामंत्री जसकीरत सिंह, नगर कोषाध्यक्ष सिद्धार्थ सांवरिया, नगर संयोजक अमित अग्रवाल सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।






