जय प्रभा होम्यो सदन परिवार के पौत्र की उपलब्धि पर गौरवान्वित हुआ सोनभद्र
सोनभद्र। जनपद मुख्यालय रॉबर्ट्सगंज में सन 1952 से चिकित्सा सेवा दे रहे प्रतिष्ठित संस्थान ‘जय प्रभा होम्यो सदन’ के संस्थापक और सोनभद्र के हैनिमैन के नाम से विख्यात स्वर्गीय जयराम लाल श्रीवास्तव एवं प्रभा श्रीवास्तव के पौत्र राहुल श्रीवास्तव को आईपीएस पद पर प्रोन्नत किया गया है।
राहुल श्रीवास्तव की इस ऐतिहासिक सफलता की खबर मिलते ही पूरे जनपद के साथ विशेष रूप से कायस्थ समाज में हर्ष की लहर दौड़ गई।
बहुमुखी प्रतिभा के धनी राहुल श्रीवास्तव इससे पहले उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) के पीआरओ यानी जनसंपर्क अधिकारी के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे थे। वहां उनकी कार्यशैली और संवाद क्षमता की लंबे समय तक सराहना की गई।
आईपीएस पद पर पदोन्नत होकर जिले का मान बढ़ाने वाले राहुल श्रीवास्तव का सोनभद्र से गहरा नाता रहा है। उनकी प्रारंभिक शिक्षा रॉबर्ट्सगंज के प्रसिद्ध सेंट जोसेफ स्कूल से हुई। इसके बाद उन्होंने उच्च शिक्षा वाराणसी और लखनऊ के प्रतिष्ठित संस्थानों से प्राप्त की।
उनकी इस शानदार प्रशासनिक उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कायस्थ समाज के वरिष्ठ सदस्य डॉ. कुसुमाकर श्रीवास्तव, प्रभाकर श्रीवास्तव, दिवाकर श्रीवास्तव, अशोक श्रीवास्तव और प्रमोद श्रीवास्तव सहित समाज के अन्य पदाधिकारियों व संभ्रांत नागरिकों ने बधाई दी।
सभी ने कहा कि राहुल श्रीवास्तव ने अपनी मेहनत और कर्तव्यनिष्ठा से न केवल अपने परिवार और कायस्थ समाज का, बल्कि पूरे सोनभद्र जनपद का नाम प्रदेश स्तर पर रोशन किया है।






