मनरेगा बचाओ मांगों को लेकर खेत मजदूर यूनियन-भाकपा का धरना-प्रदर्शन

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

VB-G RAM योजना को बताया मजदूरों को दास बनाने की साजिश: कामरेड आर के शर्मा

सोनभद्र। मंगलवार को उत्तर प्रदेश खेत मजदूर यूनियन और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के कार्यकर्ताओं ने मनरेगा बचाओ और राष्ट्रव्यापी आंदोलन के तहत अपनी मांगों के समर्थन में राजमार्ग से जोरदार नारेबाजी करते हुए जुलूस निकाला। जुलूस कलेक्ट्रेट परिसर स्थित गांधी उद्यान पहुंचा, जहां राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया गया।
धरने को संबोधित करते हुए कामरेड आर के शर्मा ने कहा कि मनरेगा जैसी ऐतिहासिक योजना की हत्या कर केंद्र सरकार “विकसित भारत – रोजगार और आजीविका मिशन गारंटी ग्रामीण VB-G RAM योजना” को 01 जुलाई 2026 से कानूनी रूप देने जा रही है। इसे ग्रामीण मजदूरों को दास बनाने की योजना बताते हुए इसे रद्द करने की मांग की गई। वक्ताओं ने कहा कि नई योजना में भारत सरकार 60% और राज्य सरकारें 40% बजट देंगी, जबकि राज्य सरकारें कर्ज में डूबी हैं। कृषि कार्य के समय दो महीने काम बंद रखने और ग्राम सभाओं से अधिकार छीनने से योजना दम तोड़ देगी।
धरना प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सोनभद्र का जल, जंगल, जमीन बचाओ और यहां आदिवासी विश्वविद्यालय की स्थापना कराओ की आवाज भी बुलंद की। राष्ट्रपति के नामित 15 सूत्रीय ज्ञापन जिलाधिकारी प्रतिनिधि को सौंपा गया। मांगों में मनरेगा को पुराने रूप में बहाल करना, 200 दिन काम-700 रु मजदूरी, 55 वर्ष बाद 6000 रु पेंशन, 250 लाख करोड़ बजट, धारा 132 की जमीनों पर मालिकाना हक, 15 डिसमिल जमीन व 5 लाख आवास सहायता, स्थानीय युवाओं को रोजगार और “कैमूर आदिवासी विश्वविद्यालय” की स्थापना शामिल रही।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कामरेड राम रक्षा और संचालन कामरेड देव कुमार विश्वकर्मा ने किया। अंत में लखनऊ कोचिंग हादसे पर दो मिनट का मौन रख शोक व्यक्त किया गया।

Leave a Comment

1501
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?