महेन्द्र कुमार
अयोध्या(उत्तर प्रदेश)। देश की राजनीति में बहुत बड़ा मुद्दा बना राम मंदिर के दान पात्र से कथित पैसे की चोरी के मामले को लेकर अयोध्या में अब पोस्टर वार शुरू हो गया है। शहर के पुष्पराज चौराहे पर उत्तर प्रदेश युवा कांग्रेस के उपाध्यक्ष शरद शुक्ला की ओर से पोस्टर लगवाए गए हैं।
इस पोस्टर में स्कंद पुराण के एक दोहे स्वदत्तं परदत्तं वा यो हरेत वसुंधरा । षष्टीवर्षसहस्त्राणि विष्ठायां जायते कृमि अर्थात जो व्यक्ति मन्दिर को दी गयी भूमि या सम्पत्ति (दान का धन) को चुराता है या हड़प लेता है, वह अगले साठ हजार वर्षों तक नरक में कीड़े के रूप में जन्म लेता है।
राम मंदिर में चढ़ावे और दान से जुड़े कथित मामले को लेकर राजनीतिक सरगर्मी लगातार बढ़ रही है। इससे पहले समाजवादी पार्टी इस मुद्दे को उठा चुकी है और अब कांग्रेस भी खुलकर मैदान में उतर आई है। पोस्टरों के जरिए इस प्रकरण को लेकर राजनीतिक और धार्मिक संदेश देने की कोशिश की जा रही है।
फिलहाल दान पात्र से जुड़े मामले की जांच जारी है और इस बीच अयोध्या में शुरू हुआ यह पोस्टर वार राजनीतिक चर्चा का नया विषय बन गया है।







