चंदौली जिले के नौगढ़ तहसील क्षेत्र के जयमोहनी भुर्तियां गांव में अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन ने मंगलवार देर रात्रि बड़ी कार्रवाई की। रात करीब 11:30 बजे सूचना मिलने पर उप जिलाधिकारी विकास मित्तल, तहसीलदार राहुल सिंह एवं क्षेत्राधिकारी नामेंद्र कुमार रावत अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और छापेमारी की।

कार्रवाई के दौरान मौके पर तीन ट्रैक्टर और एक जेसीबी लावारिस अवस्था में खड़ी मिली। प्रशासनिक टीम के पहुंचने की भनक लगते ही वाहन चालक एवं खनन में संलिप्त लोग मौके से फरार हो गए। अधिकारियों ने सभी वाहनों को कब्जे में लेकर जब्त कर लिया।

उप जिलाधिकारी विकास मित्तल ने बताया कि अवैध खनन की सूचना पर संयुक्त टीम द्वारा छापेमारी की गई, जिसमें तीन ट्रैक्टर एवं एक जेसीबी बरामद हुई है। वाहन लावारिस हालत में मिले हैं तथा उनके चालक मौके से फरार हैं। वाहन चालकों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है।


उन्होंने बताया कि बरामद तीनों ट्रैक्टर और जेसीबी को सीज कर दिया गया है तथा मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। उप जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि क्षेत्र में अवैध खनन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।






