अधिशासी अभियंता इंद्रभान सिंह ने बताया – उपभोक्ताओं को मिलेगी बेहतर विद्युत आपूर्ति
म्योरपुर, सोनभद्र। क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की दिशा में बड़ी उपलब्धि मिली है। म्योरपुर किरबिल ट्रांसमिशन स्टेशन से तीन 33 केवी फीडरों की पहली बार सफलतापूर्वक चार्जिंग की गई। इससे क्षेत्र में बिजली आपूर्ति और अधिक विश्वसनीय एवं बेहतर होगी। विद्युत विभाग के अनुसार 33 केवी जलकल फीडर की चार्जिंग 2 जून को रात 8 बजे, 33 केवी नधिरा फीडर की चार्जिंग उसी दिन रात 8:15 बजे और 33 केवी बभनी फीडर की चार्जिंग 7 जून को शाम 7 बजे सफलतापूर्वक पूरी की गई। इस महत्वपूर्ण कार्य को अधिशासी अभियंता ट्रांसमिशन इंद्रभान सिंह और उपखंड अधिकारी ट्रांसमिशन रामअनंत दुबे के निर्देशन में तकनीकी टीम ने अंजाम दिया। टीम ने सभी आवश्यक परीक्षण और सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए चार्जिंग प्रक्रिया पूरी की। अधिशासी अभियंता इंद्रभान सिंह ने बताया कि इन फीडरों के संचालन से जलकल, नधिरा और बभनी क्षेत्र के उपभोक्ताओं को निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली मिलेगी। फॉल्ट कम होंगे और लो वोल्टेज की समस्या से भी राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि ट्रांसमिशन विभाग लगातार विद्युत व्यवस्था को मजबूत करने के लिए काम कर रहा है। भविष्य में भी क्षेत्र में बिजली संबंधी बुनियादी ढांचे को और बेहतर बनाया जाएगा। स्थानीय लोगों ने फीडर चार्जिंग पर खुशी जताते हुए विभाग की पहल की सराहना की।






