ब्लॉक प्रमुख मानसिंह गोंड बोले- सरकार दिव्यांगजनों की आत्मनिर्भरता के लिए चला रही कई योजनाएं
म्योरपुर (सोनभद्र)। म्योरपुर विकास खंड परिसर में गुरुवार को दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित हुआ। एनटीपीसी सिंगरौली के सीएसआर के तहत 57 दिव्यांगजनों को ट्राई साइकिल समेत अन्य सहायक उपकरण वितरित किए गए। कुल 112 दिव्यांगजनों का रजिस्ट्रेशन हुआ था। मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख मानसिंह गोंड ने कहा, “केंद्र एवं प्रदेश सरकार दिव्यांगजनों के कल्याण और आत्मनिर्भरता के लिए अनेक योजनाएं संचालित कर रही है। पेंशन, शिक्षा, रोजगार एवं अन्य सुविधाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। समाज के प्रत्येक व्यक्ति को दिव्यांगजनों के सम्मान और सहयोग के लिए आगे आना चाहिए।” उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन दिव्यांगजनों को मुख्यधारा से जोड़ते हैं। खंड विकास अधिकारी दिनेश कुमार मिश्र ने भी दिव्यांगजनों के हित में संचालित योजनाओं की जानकारी दी तथा हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उपकरण पाकर लाभार्थियों ने एनटीपीसी व प्रशासन का आभार जताया।कार्यक्रम में एडीओ समाज कल्याण चंद्रबली यादव, प्रमोद चौबे, एनटीपीसी सीएसआर हेड आर्दश कुमार, उपमहाप्रबंधक ओमप्रकाश, एलीमको के विपणन अधिकारी नीरज यादव, सहायक विपणन अधिकारी नवीन मिश्रा, दिव्यांग कल्याण विभाग के विनय कुमार शर्मा, सुकेत वर्मा, अमित कुमार मौर्या सहित कई ग्राम प्रधान व जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।






