बिजली संकट पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, युवा समिति ने किया प्रदर्शन; चक्का जाम की चेतावनी

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

सी एस पाण्डेय

बभनी (सोनभद्र) । उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जनपद में लगातार हो रही बिजली कटौती को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश अब खुलकर सामने आने लगा है। विकासखंड बभनी क्षेत्र में चरमराई विद्युत व्यवस्था के खिलाफ सोमवार को युवा समिति के बैनर तले ग्रामीणों ने जोरदार प्रदर्शन किया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो बुधवार को सड़क पर उतरकर चक्का जाम किया जाएगा।

प्रदर्शन का नेतृत्व मिथलेश गुप्ता ने किया। बभनी बाजार में जुटे ग्रामीणों ने कहा कि पिछले पंद्रह दिनों से क्षेत्र में अनियमित बिजली आपूर्ति ने लोगों का जीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। भीषण गर्मी के बीच घंटों बिजली गायब रहने से आमजन, छात्र, व्यापारी और मरीज सबसे ज्यादा परेशान हैं।

ग्रामीणों के अनुसार बभनी, चपकी, चैनपुर, पोखरा, सागोबांध, चौना समेत कई गांवों में बिजली व्यवस्था पूरी तरह बेपटरी हो चुकी है। लोगों का आरोप है कि बिना किसी पूर्व सूचना के घंटों कटौती की जा रही है, जिससे पेयजल संकट और गर्मी की समस्या और गंभीर हो गई है।

प्रदर्शन में शामिल ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से तत्काल हस्तक्षेप कर विद्युत व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की। प्रदर्शन में अनवर हुसैन, सुजीत, शंकर, शम्भु, डॉ. प्रहलाद, डॉ. अमित कुमार रंजन, वरुण, जितेन्द्र, रविशंकर और सुन्दरम समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

ग्रामीणों ने साफ कहा कि यदि प्रशासन ने जल्द समाधान नहीं किया तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और बिजली विभाग की होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1543
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?