छोटे उद्यमियों के लिए औद्योगिक क्षेत्र बने, बैंकों का उत्पीड़न रुके:राजेश गुप्ता

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

डीएम चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में उद्योग बंधु बैठक, व्यापार मंडल ने उठाए उद्यमियों-व्यापारियों के मुद्दे

सोनभद्र। कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को जिला अधिकारी चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में उद्योग बंधु की बैठक आयोजित हुई। बैठक में उ.प्र. उद्योग व्यापार मंडल सोनभद्र के जिला अध्यक्ष राजेश गुप्ता ने उद्यमियों व व्यापारियों की समस्याओं और कठिनाइयों से अवगत कराया।
राजेश गुप्ता ने कहा कि व्यापार मंडल लगभग तीन वर्षों से औद्योगिक क्षेत्र बनाए जाने की मांग कर रहा है। जनपद में बड़े कारखानों को तो जमीन मिल रही है, लेकिन छोटे उद्यमियों को भी औद्योगिक क्षेत्र बनाकर स्थान दिया जाए, जिससे स्थानीय लोगों को रोजगार मिले।
उन्होंने बताया कि रॉबर्ट्सगंज नगर में सीएनडीएस के द्वारा नालियां बनाई गईं, लेकिन सड़क का पानी नालियों में जाने की व्यवस्था नहीं की गई, जिससे आगामी बरसात में भारी जलजमाव का सामना करना पड़ेगा। मुख्यमंत्री युवा उद्यम योजना के लाभार्थियों को बैंकों द्वारा लाभ नहीं दिया जा रहा है, साथ ही बैंकों द्वारा उत्पीड़न व शोषण किया जा रहा है।
राजेश गुप्ता ने मांग की कि पर्यटन अधिकारी सभी होटल व्यवसायियों के लंबे समय से पेंडिंग लाइसेंस जारी करें। वन डिस्ट्रिक्ट वन फूड में जनपद का चयन गुलाब जामुन के लिए हुआ है, अगर गुड़ की जलेबी व समोसा का चयन हो तो व्यापारियों को लाभ के साथ पहचान मिलेगी।
बैठक में जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष संदीप सिंह चंदेल, जिला महामंत्री राजेश बंसल, जिला कोषाध्यक्ष अजीत जायसवाल, जिला उपाध्यक्ष प्रकाश केशरी, नगर अध्यक्ष आनंद जायसवाल, किराना अध्यक्ष श्यामलाल केशरी आदि उपस्थित थे। जिलाधिकारी ने सभी समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1543
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?