दो माह से वेतन नहीं, 21 मई से ‘नो पे नो वर्क’ पर जाएंगे एनएचएम कर्मी

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

एनएचएम संविदा कर्मियों का विरोध दूसरे दिन भी जारी, सीएचसी घोरावल पर काला फीता बांधकर जताया रोष

सोनभद्र। उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारियों को विगत दो महीनों से वेतन न मिलने पर प्रदेश अध्यक्ष एनएचएम संघ ठाकुर मयंक प्रताप सिंह के आह्वान पर जनपद सोनभद्र के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घोरावल पर एनएचएम संविदा कर्मियों द्वारा 18 मई से अपनी मांगों को लेकर सांकेतिक विरोध प्रदर्शन दूसरे दिन भी जारी रहा। सभी कर्मी काला फीता बांधकर कार्य कर रहे हैं।
एनएचएम जनपद सोनभद्र के जिला अध्यक्ष पुष्पेंद्र शुक्ला ने बताया कि यदि 20 तारीख तक शासन एनएचएम संविदा कर्मियों की मांगों पर कोई ठोस कदम नहीं उठाता है तो 21 मई 2026 से पूरे प्रदेश में ‘नो पे, नो वर्क’ के आधार पर कार्य बहिष्कार शुरू कर दिया जाएगा। सांकेतिक हड़ताल 20 मई तक चलेगी, इसके बाद मांगे ना माने जाने पर पूरे जनपद में इमरजेंसी को छोड़कर सभी स्वास्थ्य सेवाएं बाधित कर दी जाएंगी।
कर्मचारियों का कहना है कि लंबे समय से उनकी मांगों को नजरअंदाज किया जा रहा है। वेतन न मिलने से संविदा कर्मियों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। संघ की प्रमुख मांगों में संविदा कर्मियों के मानदेय का समय से भुगतान, नियमितीकरण, समान कार्य समान वेतन और सेवा सुरक्षा शामिल हैं।
इस मौके पर ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक प्रशांत दुबे, बीसीपीएम अखिलेश मौर्या, जिला उपाध्यक्ष शिवकुमार, संगठन मंत्री कामेश्वर राय, अजय पाल, स्टाफ नर्स कौशल्या देवी, सुनीता देवी, सतीश तिवारी, सुनील पांडे, आरबीएसके टीम से आशीष चतुर्वेदी, ज्ञान प्रकाश चौबे समेत कई कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Comment

1473
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?