दो दिवसीय दीनदयाल उपाध्याय जिला प्रशिक्षण वर्ग शुभारंभ, बूथ प्रबंधन और चुनावी रणनीति पर विशेष फोकस
सोनभद्र। भारतीय जनता पार्टी सोनभद्र द्वारा आयोजित दो दिवसीय पंडित दीनदयाल उपाध्याय जिला प्रशिक्षण वर्ग का शुभारंभ शहर स्थित अविनाश होटल में भव्य रूप से किया गया। कार्यक्रम में जिले भर से आए जनप्रतिनिधियों, पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की उत्साहपूर्ण उपस्थिति देखने को मिली। प्रशिक्षण वर्ग का उद्देश्य संगठन को और अधिक मजबूत बनाना, कार्यकर्ताओं को पार्टी की विचारधारा एवं संगठनात्मक कार्यशैली से जोड़ना तथा आगामी चुनावों के लिए तैयार करना रहा।
प्रशिक्षण वर्ग के उद्घाटन सत्र में बतौर मुख्य अतिथि प्रदेश मंत्री शंकर गिरी मौजूद रहे। उन्होंने “बूथ प्रबंधन” विषय पर कार्यकर्ताओं को विस्तार से प्रशिक्षण दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसका बूथ स्तर तक मजबूत संगठन है। बूथ को चुनाव की सबसे महत्वपूर्ण इकाई बताते हुए उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रत्येक मतदाता तक पहुंच बनाने, केंद्र एवं प्रदेश सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने तथा संगठनात्मक समन्वय बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मजबूत बूथ ही भाजपा की जीत का आधार है।
द्वितीय सत्र में अनिल श्रीवास्तव ने “भाजपा का इतिहास” विषय पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने भारतीय जनसंघ से लेकर भाजपा के गठन और विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनने तक के संघर्ष एवं विकास की जानकारी दी। उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और अटल बिहारी वाजपेयी जैसे महान नेताओं के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा राष्ट्रवाद, सेवा और सुशासन की विचारधारा पर कार्य करने वाला संगठन है।
नागेंद्र रघुवंशी ने “कार्यपद्धति” विषय पर संगठन की कार्यशैली, अनुशासन, टीम भावना और कार्यकर्ता आधारित संरचना पर चर्चा की। अशोक चौरसिया ने “कार्य विस्तार एवं चुनाव प्रबंधन” विषय पर संगठन विस्तार, जनसंपर्क अभियान, बूथ सशक्तिकरण एवं चुनावी रणनीति पर मार्गदर्शन दिया।
भाजपा जिलाध्यक्ष नन्दलाल ने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण वर्ग संगठन को नई दिशा और ऊर्जा देते हैं। कार्यक्रम में वर्ग प्रभारी संजय पटेल, राज्य मंत्री संजीव गोंड, सदर विधायक भूपेश चौबे, पूर्व सांसद राम सकल, नरेंद्र सिंह कुशवाहा, एससी/एसटी आयोग उपाध्यक्ष जीत सिंह खरवार, नगर पालिका अध्यक्ष रूबी प्रसाद, और जिला अध्यक्ष अशोक मिश्रा,धर्मवीर तिवारी, अजीत चौबे सहित वरिष्ठ कार्यकर्ता उपस्थित रहे।






