अमित मिश्रा
रेनूकुट (सोनभद्)। जिले के पिपरी थाना क्षेत्र अंतर्गत रेणुकूट स्थित गांधी मैदान के पास सोमवार को किन्नरों के दो गुटों के बीच ‘बधाई’ लेने को लेकर विवाद हो गया। मामूली कहासुनी से शुरू हुआ मामला देखते ही देखते उग्र रूप ले बैठा और बीच बाजार हंगामे में बदल गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एक गुट के सदस्य वाहनों पर चढ़कर जोरदार हंगामा करते रहे और सड़क के बीच खड़े होकर शोर-शराबा करते रहे। इससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। वहीं दूसरा गुट इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाता रहा और बीच-बीच में जवाबी बहस करता दिखा।

दोनों पक्षों के बीच लंबे समय तक तीखी नोकझोंक चलती रही, जिससे हालात और बिगड़ गए। करीब घंटों तक चले इस विवाद के कारण गांधी मैदान के पास मुख्य मार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। सड़क पर जाम की स्थिति बन गई और राहगीरों व वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर काफी आक्रोश देखने को मिला। लोगों का कहना है कि भीड़भाड़ वाले इलाके में इस तरह का हंगामा सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।






