कलवारी-रावर्ट्सगंज मार्ग के चौड़ीकरण का कार्य बरसात से पहले हो पूर्ण: जिलाधिकारी

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

अमित मिश्रा

जिलाधिकारी चर्चित गोंड ने विकास कार्यों का किया औचक निरीक्षण, गुणवत्ता व समयबद्धता पर दिया जोर

सोनभद्र(उत्तर प्रदेश)। जनपद में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं का जिलाधिकारी  द्वारा शुक्रवार को औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने नगर पंचायत पेयजल पुनर्गठन योजना, राजकीय बालिका हाईस्कूल हिनौती, कलवारी-रॉबर्ट्सगंज मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुंदरीकरण कार्य का स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं को निर्देशित करते हुए कहा कि घोरावल नगर पंचायत की पेयजल पुनर्गठन योजना को उच्च गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूर्ण कराया जाए, ताकि आमजन को स्वच्छ एवं पर्याप्त पेयजल उपलब्ध हो सके। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

कलवारी-रॉबर्ट्सगंज मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुंदरीकरण कार्य का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि बरसात से पूर्व सड़क चौड़ीकरण का कार्य हर हाल में पूर्ण कर लिया जाए। उन्होंने मौके पर ही सड़क निर्माण में प्रयुक्त गिट्टी की मात्रा का सत्यापन कराया तथा अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग को सख्त निर्देश दिए कि कार्य में गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण इस प्रकार किया जाए कि आवागमन सुरक्षित, सुगम और दीर्घकालिक हो सके।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से योजनाओं की प्रगति की विस्तृत जानकारी प्राप्त कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सभी कार्यों को समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पूर्ण कराने पर विशेष बल दिया, ताकि जनपद के समग्र विकास को गति मिल सके और जनता को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

इस अवसर पर जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी संतपाल वर्मा, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग, अधिशासी अभियंता जल निगम (शहरी एवं ग्रामीण) तथा जिला विद्यालय निरीक्षक जयराम सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

IMG 20260928 WA0019
IMG 20260928 WA0020

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1568
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?