चंदौली जिले के नौगढ़ तहसील क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत बाघी में बीती रात अज्ञात लोगों द्वारा एक दुकान में आग लगाए जाने का मामला सामने आया है। घटना में दुकानदार सूरज बिंद की दुकान में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, रात के समय अचानक दुकान से धुआं और आग की लपटें उठती देख ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने काफी प्रयास कर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक दुकान में रखा अधिकांश सामान जल चुका था। पीड़ित सूरज बिंद ने आशंका जताई है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने जानबूझकर दुकान में आग लगाई है।
घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा आग लगने के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।
वहीं ग्राम पंचायत बाघी की प्रधान नीलम ओहरी ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर आर्थिक सहायता के रूप में ₹5000 दिए और हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।







