चंदौली जिले के नौगढ़ कस्बे में बुधवार को किराए के मकान में रह रही महिला के कमरे के पास कोबरा सांप का बच्चा पहुंचने से लोगों में डर का माहौल बन गया। सांप को देखते ही महिला डरकर कमरे से बाहर निकल गई और आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी।
जानकारी के अनुसार, नौगढ़ कस्बा स्थित काशी केशरी के मकान में एक महिला बच्चों की पढ़ाई के लिए किराए पर रहती है। बुधवार दोपहर अचानक कमरे के पास कोबरा का बच्चा दिखाई दिया। महिला की नजर सांप पर पड़ी तो वह भयभीत होकर बाहर निकल गई। महिला ने पड़ोसियों को बताया। पड़ोसी अजय कुमार और रितेश जायसवाल मौके पर पहुंचे और सांप को बाहर निकालने का प्रयास किया। कोबरा का बच्चा होने की जानकारी होने पर उन्होंने इसकी सूचना वन विभाग के रेंज कार्यालय को दी।
सूचना मिलने पर वन विभाग के वन दरोगा गुरुदेव यादव और विनोद कुमार स्नेक रेस्क्यू उपकरण लेकर मौके पर पहुंचे। दोनों ने सावधानीपूर्वक कोबरा के बच्चे का रेस्क्यू किया और उसे सुरक्षित घर से बाहर निकाला।
वन दरोगा गुरुदेव यादव ने बताया कि कोबरा के बच्चे को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया है। इसे आबादी वाले क्षेत्र से दूर घने जंगल में सुरक्षित स्थान पर छोड़ा जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि घर में सांप या कोई अन्य जहरीला जीव दिखाई देने पर खुद पकड़ने या मारने का प्रयास न करें। तत्काल वन विभाग को सूचना दें, ताकि टीम मौके पर पहुंचकर उसे सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू कर सके।








