O- साईं हॉस्पिटल में ‘नारी वंदन सम्मान’ सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित
सोनभद्र। उत्तर प्रदेश लोक एवं जनजाति संस्कृति संस्थान लखनऊ, उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी लखनऊ एवं गुप्त काशी विकास परिषद के संयुक्त तत्वावधान में नगर स्थित साईं हॉस्पिटल एण्ड कॉलेज ऑफ़ नर्सिंग के सभागार में ‘नारी वंदन सम्मान’ सांस्कृतिक कार्यक्रम संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी की उपाध्यक्ष विभा सिंह के मुख्यातिथ्य एवं वरिष्ठ साहित्यकार पंडित पारसनाथ मिश्र की अध्यक्षता में हुआ। सरस्वती वंदना, सांस्कृतिक कार्यक्रम और अतिथि स्वागत के बाद नारी सशक्तिकरण में योगदान देने वालों को सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि उपाध्यक्ष विभा सिंह ने कहा कि महिला सशक्तिकरण का अर्थ महिलाओं को निर्णय लेने, शिक्षा, आर्थिक स्वतंत्रता और समानता के अधिकार प्रदान करना है। सशक्त महिला न केवल परिवार को, बल्कि पूरे समाज को आत्मनिर्भर और विकसित बनाती है। कार्यक्रम संयोजक एवं गुप्त काशी विकास परिषद के अध्यक्ष पंडित आलोक कुमार चतुर्वेदी ने कहा कि आज की महिलाएं प्रधानमंत्री, अंतरिक्ष यात्री, वैज्ञानिक और उद्यमी बनकर हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं। उन्हें घर और बाहर दोनों की जिम्मेदारियों में बराबरी का हक मिलना चाहिए। साईं हॉस्पिटल एण्ड कॉलेज ऑफ़ नर्सिंग की डायरेक्टर डॉ. अनुपमा सिंह ने कहा कि आज भी कन्या भ्रूण हत्या, घरेलू हिंसा और लैंगिक असमानता जैसी कुरीतियां मौजूद हैं। महिला सशक्तिकरण का मतलब पुरुषों के खिलाफ होना नहीं, बल्कि समानता के साथ समाज का निर्माण करना है। अध्यक्षता कर रहे पंडित पारसनाथ मिश्रा ने कहा, ‘नारी तू अबला नहीं, खुद को तू पहचान।’ उन्होंने कहा कि प्राचीन भारत में नारी का बहुत सम्मान किया जाता था। कार्यक्रम में श्वेता कुमारी (वाराणसी) एवं दल द्वारा लोकगायन, सोनी सेठ (वाराणसी) एवं दल द्वारा कत्थक नृत्य, रानी सिंह (मिर्जापुर) एवं दल द्वारा कजरी लोकगायन प्रस्तुत किया गया। संचालन राष्ट्रीय कवि पंडित जगदीश पंथी ने किया। इस अवसर पर डॉ. पवन तिवारी, वैभव विशाल, विवेक, राज सिंह, आशुतोष मोदनवाल, मृगांक दुबे, अनूप तिवारी, नार सिंह, ओमप्रकाश दुबे आदि उपस्थित रहे।





