सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के छपका इलाके में देर रात एक कार चालक द्वारा कथित रूप से शराब के नशे में खड़ी ट्रक में पीछे से टक्कर मारने का मामला सामने आया है। दुर्घटना में कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि ट्रक को भी नुकसान पहुंचने की सूचना है। सूत्रों के अनुसार, कार चालक की पहचान नवीन कुमार के रूप में हुई है, जो पेशे से अध्यापक बताए जा रहे हैं तथा एक इंटर कॉलेज, शाहगंज में कार्यरत हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चालक नशे की हालत में वाहन चला रहा था, जिसके कारण यह हादसा हुआ। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। बाद में कार में हुए नुकसान तथा ट्रक चालक को क्षतिपूर्ति दिए जाने के बाद दोनों पक्षों में आपसी समझौता हो गया, जिससे मामला शांत हो गया।स्थानीय लोगों का कहना है कि संबंधित चालक पूर्व में भी नशे की हालत में वाहन दुर्घटना कर चुका है, जिसमें उसे गंभीर सिर की चोट आई थी। क्षेत्रीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों पर रोक लग सके।






