दिनदहाड़े बैंक डकैती से दहला सिंगरौली, 5 हथियारबंद बदमाश 7 किलो सोना व नकदी लूटकर फरार

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

सी एस पाण्डेय / अमित मिश्रा

अनपरा/सिंगरौली मध्यप्रदेश के सिंगरौली जिले में शुक्रवार को दिनदहाड़े हुई सनसनीखेज बैंक डकैती ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बैढ़न थाना क्षेत्र स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र की शाखा में पांच हथियारबंद बदमाशों ने घुसकर करीब 20 लाख रुपये नकद और लगभग 7 किलो सोना लूट लिया तथा मौके से फरार हो गए।

घटना दोपहर करीब एक बजे की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बदमाश अचानक बैंक में दाखिल हुए और कर्मचारियों व ग्राहकों को हथियारों के बल पर बंधक बना लिया। आरोपियों ने बैंक के भीतर करीब 15 से 20 मिनट तक आतंक मचाया और पूरे परिसर को अपने कब्जे में रखा।

मैनेजर से मारपीट, बंदूक की नोक पर लूट

बदमाशों ने बैंक मैनेजर से कैश और लॉकर से जुड़ी जानकारी मांगी। विरोध करने पर आरोपियों ने मैनेजर के साथ मारपीट की और बंदूक के बट से हमला कर उसे घायल कर दिया। इसके बाद बदमाश नकदी और जेवरात समेटकर फरार हो गए। प्रारंभिक आकलन के अनुसार, करीब 20 लाख रुपये नकद और लगभग इतने ही मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण लूटे गए हैं।

सुरक्षा में चूक उजागर

घटना के समय बैंक में सुरक्षा गार्ड की अनुपस्थिति सामने आई है, जिससे बदमाशों को वारदात को अंजाम देने में आसानी हुई। इस लापरवाही ने बैंक सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगा दिए हैं।

CCTV फुटेज में दिखे आरोपी

बैंक और आसपास लगे CCTV कैमरों में कुछ संदिग्धों की गतिविधियां कैद हुई हैं। फुटेज में तीन बदमाश वारदात के बाद झोला लेकर बाहर निकलते दिखाई दिए, जो बाद में बाइक पर सवार होकर फरार हो गए। पुलिस को आशंका है कि आरोपियों ने पहले से रेकी कर सुनियोजित तरीके से घटना को अंजाम दिया।

शहर में नाकाबंदी, जांच तेज

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुंचे और पूरे शहर में नाकाबंदी कर दी गई। प्रमुख मार्गों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। बैंक परिसर को सील कर दिया गया है और CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है।

दहशत का माहौल, पुलिस पर दबाव

व्यस्त इलाके में दिनदहाड़े हुई इस बड़ी डकैती से पूरे सिंगरौली में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। पुलिस ने दावा किया है कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी।

Leave a Comment

1441
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?