नवीन कुमार
कोन ब्लाक के 18 हजार किसानो की खतौनी में नाम व अन्य गलतियां सुधारी गयी
कोन (सोनभद्र/उत्तर प्रदेश)। स्थानीय विकास खण्ड कोन के अंतर्गत ग्राम पंचायतों में किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए फार्मर रजिस्ट्री कैंप लगाए जा रहे हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को ग्राम पंचायत खेमपुर में कैंप का आयोजन किया गया, जहां किसानों की खतौनी में नाम व आदेश से जुड़ी त्रुटियों का सुधार किया गया।
सहायक विकास अधिकारी (कृषि) विकास भारती त्रिपाठी ने बताया कि कोन ब्लॉक में करीब 18 हजार किसानों की खतौनी में नाम या अन्य त्रुटियों के कारण फार्मर रजिस्ट्री लंबित थी। सरकार द्वारा कैंप लगाए जाने के बाद अब तक लगभग 12 हजार किसानों का पंजीकरण पूरा किया जा चुका है। उन्होंने उम्मीद जताई कि तय समय के भीतर सभी किसानों की फार्मर रजिस्ट्री पूरी कर ली जाएगी।
वहीं, कैंप का निरीक्षण कर रहे सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) सुनील पाल ने बताया कि प्रत्येक ग्राम पंचायत में निर्धारित रोस्टर के अनुसार कैंप आयोजित किए जा रहे हैं। इस कार्य में राजस्व विभाग का भी पूरा सहयोग मिल रहा है। उन्होंने कहा कि जिन किसानों की समस्या कैंप में हल नहीं हो पाती, वे खंड विकास कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।
इस कैंप में ग्राम प्रधान सरफराज अली, अभिषेक सिंह, श्रीनिवास, गुड्डू, छोटू सहित दर्जनों किसान उपस्थित रहे।






