सीएस पाण्डेय
ग्रामीणों के सहयोग से वन विभाग ने आग पर पाया काबू
बभनी(सोनभद्र/उत्तर प्रदेश)। स्थानीय थाना क्षेत्र के चकबदरीसानी जंगल में शुक्रवार को भीषण आग लग गई। इस आग से करीब एक हेक्टेयर क्षेत्र में फैले जंगल के पेड़ और झाड़ियां जलकर खाक हो गए। ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह आग शुक्रवार को चैनपुर चौक उपर टोला पोखरा में चैनपुर चौक से तिरकटवां सड़क के किनारे स्थित चकबदरीसानी जंगल में लगी। अज्ञात कारणों से लगी इस आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। हवा के कारण आग तेजी से फैली, जिससे सूखी घास, झाड़ियां और अन्य वनस्पति जलकर राख हो गईं।आग की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने तत्काल वन विभाग को सूचित किया।
वही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। आग की भयावहता को देखते हुए आसपास के ग्रामीण भी मदद के लिए आगे आए और वन विभाग के साथ मिलकर आग बुझाने के प्रयासों में जुट गए।घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद वन विभाग और ग्रामीणों के संयुक्त प्रयास से आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।
इस सम्बंध में वन विभाग के अधिकारी अखिलेश कुमार यादव ने बताया कि आग से करीब एक हेक्टेयर वन क्षेत्र प्रभावित हुआ था। उन्होंने पुष्टि की कि सभी प्रयासों के बाद आग पर सफलतापूर्वक काबू पा लिया गया है।






