O छात्र-छात्राओं के सांस्कृतिक समारोह ने किया सबका मनोरंजन
शक्तिनगर, सोनभद्र। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ एनटीपीसी शक्तिनगर वाणिज्य विभाग की ओर से गुरुवार को परिसर स्थित अंबेडकर भवन में कॉम्फेस्ट 2026 का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों को प्रस्तुत कर छात्र-छात्राओं ने अपने प्रतिभा का परिचय देते हुए लोगों का भरपूर मनोरंजन किया।
छात्रा जास्मीन और नीतू ने ग्रुप डांस कर लोगों की वाहवाही लूटी। बी. कॉम द्वितीय वर्ष की छात्रा रवीना और गरिमा ने सोलो डांस के माध्यम से वहां मौजूद छात्रों को डांस करने के लिए मजबूर कर दिया। फिल्मी धुनों के साथ-साथ भोजपुरी गीतों पर भी छात्रों ने जमकर ठुमके लगाये।
इस अवसर पर छात्रों को संबोधित करते हुए परिसर के वरिष्ठ शिक्षक डॉ० मानिकचंद पाण्डेय और डॉ० मृत्युंजय कुमार पाण्डेय ने संयुक्त रूप से कहा कि इस तरह के कार्यक्रम छात्रों के व्यक्तित्व निर्माण में सहायक होते हैं। विद्यार्थियों को अपने जीवन में अनुशासन को अपनाकर भविष्य निर्माण के लिए आगे बढ़ाने की जरूरत है।
संस्था के प्रभारी डॉ० प्रदीप कुमार यादव ने भी छात्रों को ऑनलाइन अपनी शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रतिस्पर्धा के इस दौर में छात्र-छात्राओं को अपडेट रहने की जरूरत है ताकि वह हर परिस्थिति का सामना कर सकें।
स्वागत भाषण छात्रा ममता ने दिया। इस दौरान छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत भी किया गया। समारोह का संचालन गरिमा त्रिपाठी तथा पूर्णिमा ने संयुक्त रूप से किया। धन्यवाद ज्ञापन अभिषेक कुमार ने दिया।






