वीरेंद्र कुमार
विंढमगंज (सोनभद्र)। स्थानीय क्षेत्र में रेलवे की एक गंभीर लापरवाही सामने आई है, जहां कोन-विंढमगंज मार्ग पर स्थित रेलवे अंडरपास के पास सड़क के बीचों-बीच निकला 20 एमएम का स्टील सरिया राहगीरों के लिए जानलेवा साबित हो रहा है।
यह खतरनाक स्थिति ग्राम पंचायत सलैयाडिह के सिता मोड़ चौराहे से लगभग 500 मीटर दूर स्थित है। इस व्यस्त मार्ग से रोजाना हजारों लोग, स्कूली बच्चे, बाइक सवार और चारपहिया वाहन गुजरते हैं। ऐसे में जरा सी चूक किसी बड़े हादसे में बदल सकती है।
हैरानी की बात यह है कि इतनी गंभीर समस्या के बावजूद न तो रेलवे विभाग ने कोई कार्रवाई की है और न ही स्थानीय प्रशासन ने अब तक कोई ठोस कदम उठाया है।
इस बीच सलैयाडिह निवासी रूपेश प्रजापति ने अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए सरिया के पास एक डंडे में लाल कपड़ा बांधकर चेतावनी संकेत लगाया, ताकि राहगीर सतर्क रह सकें। उनका यह प्रयास सराहनीय जरूर है, लेकिन यह समस्या का स्थायी समाधान नहीं है।
रूपेश प्रजापति का कहना है कि यदि जल्द ही इस सरिया को नहीं हटाया गया, तो किसी बड़ी दुर्घटना से इंकार नहीं किया जा सकता।
ग्रामीणों में आक्रोश
स्थानीय लोगों में इस लापरवाही को लेकर भारी नाराजगी है। ग्रामीणों का आरोप है कि ठेकेदार ने अधूरा और लापरवाहीपूर्ण कार्य किया है, जिसकी जांच कर जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए।
ग्रामीणों की मांग
- तुरंत सड़क से निकले सरिया को हटाया जाए
- अंडरपास मार्ग की मरम्मत कराई जाए
- जिम्मेदार ठेकेदार व अधिकारियों पर कार्रवाई हो






