सोनभद्र। गुरुवार को उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन सोनभद्र ने विद्युत संबंधित समस्याओं को लेकर अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड कार्यालय पर प्रदर्शन किया। संगठन ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर जनता की समस्याओं का शीघ्र निराकरण नहीं होता तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। वक्ताओं ने एक स्वर से कहा कि सरकार के लाख प्रयास के बावजूद भी अधिकारी जनहित के कार्यों में रुचि नहीं ले रहे हैं, जिसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। संगठन के जिला अध्यक्ष कौशल शर्मा ने कहा कि स्मार्ट मीटर की वर्तमान व्यवस्था उपभोक्ताओं के लिए सुविधा के बजाय परेशानी का कारण बनती जा रही है। उन्होंने कहा कि अचानक बैलेंस जीरो दिखाकर बिना पूर्व सूचना के विद्युत आपूर्ति बंद कर दिया जा रहा है। कई बार घंटों लाइन जुड़ नहीं रही है। प्रीपेड सिस्टम में बार-बार तकनीकी खराबी एवं रिचार्ज अपडेट ना होने की शिकायतें आ रही हैं। नगर अध्यक्ष प्रशांत जैन ने कहा कि उपभोक्ता शिकायतों का विभाग द्वारा न ही समय पर समाधान हो रहा है न ही कार्यालय में जिम्मेदार अधिकारी मिल रहे हैं, जिसके कारण स्थानीय जनता को काफी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। जिला महामंत्री प्रितपाल सिंह ने कहा कि पुराने बकाए को बिना स्पष्ट जानकारी के बिल में जोड़ दिया जा रहा है। जिला कोषाध्यक्ष शरद जायसवाल ने कहा कि छोटे बकायदारों का ₹500 के बकाए पर कनेक्शन काट दिया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर कई माननीय बड़े-बड़े बाकाये दार होने के बावजूद आबाध रूप से बिजली आपूर्ति हो रही है, यह दोहरा मापदंड क्यों? इस अवसर पर रवि जायसवाल, राजू जायसवाल, धर्मेंद्र प्रजापति, अमित केसरी, विनोद जायसवाल, जसकीरत सिंह, नागेंद्र मोदनवाल आदि लोग उपस्थित रहे।






