अमित मिश्रा
सोनभद्र (उत्तर प्रदेश) । प्रेम विवाह करने वाले एक दंपति ने अपनी जान को खतरा बताते हुए पुलिस प्रशासन से सुरक्षा की गुहार लगाई है। युवक ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया है कि विवाह से नाराज़ लड़की पक्ष के कुछ लोग उन्हें और उनकी पत्नी को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं।
प्रार्थना पत्र के अनुसार रॉबर्ट्सगंज क्षेत्र के ग्राम थुरियाओं निवासी अंशु (24 वर्ष) ने बताया कि उन्होंने लगभग एक वर्ष पहले अप्रैल 2025 में अपनी मर्जी से नई भरहिया निवासी एक युवती से मंदिर में भगवान को साक्षी मानकर प्रेम विवाह किया था। दोनों तब से पति-पत्नी के रूप में साथ रह रहे हैं।

युवक का कहना है कि विवाह की जानकारी मिलने के बाद युवती के परिजन और कुछ अन्य लोग उनसे नाराज़ हैं और उन्हें तथा उनकी पत्नी को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। प्रार्थी के मुताबिक 13 मार्च 2026 को रॉबर्ट्सगंज बाजार क्षेत्र में भी उन्हें खोजा जा रहा था, जिससे दंपति में भय का माहौल है।
दंपति का कहना है कि दोनों बालिग हैं और अपनी मर्जी से विवाह किया है, इसलिए उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। युवक ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि उन्हें और उनकी पत्नी को सुरक्षा प्रदान की जाए तथा धमकी देने वाले लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए।
मामला सामने आने के बाद स्थानीय स्तर पर भी चर्चा तेज हो गई है और अब लोगों की नजर प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हुई है।





